Maharajganj Times

Maharajganj News : जल जीवन मिशन की धीमी रफ्तार पर डीएम सख्त: निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, एजेंसियों को फटकार

Maharajganj
Tuesday, 17 Jun, 2025
0
318

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो : जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर डीएम ने नाराजगी जताई और तीनों कार्यदाई एजेंसियों—जेएमसी, कोया और रिथविक को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्यों को समय पर हर हाल में पूरा किया जाए। अधिशासी अभियंता जल निगम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, फेज-II में जेएमसी की 341 परियोजनाएं संचालित हैं, जिनसे 446 ग्राम पंचायतें लाभान्वित होंगी। वहीं, फेज-III में कोया की 205 परियोजनाओं से 345 पंचायतें और रिथविक की 174 परियोजनाओं से 302 पंचायतें आच्छादित हैं। डीएम ने ट्यूबवेल, ओएचटी, पंप हाउस, सड़क अनुरक्षण, बाउंड्री वॉल और हाइड्रो टेस्टिंग जैसे कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पिछले माह तय किए गए लक्ष्यों को हासिल न कर पाना गंभीर लापरवाही है। आगामी एक महीने के भीतर प्रगति दिखनी चाहिए, वरना जवाबदेही तय की जाएगी। भूमि विवाद की स्थिति में राजस्व, पुलिस और एजेंसी की संयुक्त टीम को तत्काल मौके पर पहुंचने और उसी दिन कार्य प्रारंभ करने को कहा गया। साथ ही, अधिशासी अभियंता जल निगम को विवादित परियोजनाओं की सूची श्रेणीबद्ध कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने पूर्ण परियोजनाओं में शीघ्र जलापूर्ति सुनिश्चित करने, सोलर सेल की गुणवत्ता बनाए रखने तथा विद्युत कनेक्शन की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाने के भी निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन, एक्सईएन आतिफ हुसैन, सहायक अभियंता महेश चंद्र आज़ाद समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।